करंजिया के जंगल मे फिर पहुंचे हाथी, 2 घरों को पहुंचाया नुकसान

Listen to this article


जनपथ टुडे, डिंडोरी, 21 जुलाई 2022, सबसे बड़े शाकाहारी वन्य जीव हाथी के 6 सदस्यीय जंगली समूह ने वन परिक्षेत्र पश्चिम करंजिया के जंगलों में बुधवार की रात फिर से आमद दर्ज करवा दी है। एक बेबी ELEPHANT के साथ छत्तीसगढ़ के अचानकमार कॉरिडोर से गजराज समूह ने वन ग्राम चौराददार कक्ष क्रमांक 792(B) के आबादी इलाके में घुस महेंद्र पिता पतिराम और बुधराम पिता देवान बैगा के घरों को निशाना बनाया है और इन घरों को पूरी तरह रौंद, अंदर रखे अनाज तथा धान को अपना निवाला बनाया है। प्रभावित ग्रामीणों के नुकसान की भरपाई हेतु वन विभाग ने कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात चौरादारर क्षेत्र में चहलकदमी करने के बाद गुरुवार को हाथी दल ने CG सीमा से सटे कक्ष क्रमांक 734 सोनतीरथ के जंगल मे डेरा डाल लिया है। सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर रेंजर पुष्पा सिंह के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर विनोद पाठक, ईश्वर सिंह की टीम गजराज समूह की गतिविधियों पर निगरानी कर रही है। जानकारी के मुताबिक हाथीयों का यह समूह पूर्व में भी करंजिया के जंगलों में घुसपैठ कर चुका है। जिसके मद्देनजर अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथियों का यह दल करंजिया के जंगलों से परिचित है और लगाव रखता है। इस बीच जंगली हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत कायम है। हालांकि सुरक्षा और सावधानी के लिहाज से रेंजर पुष्पा सिंह ने आसपास के गांवों में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को जंगल और जंगली हाथियों से दूर रहने की नसीहत दी है। वहीं मानव बस्तियों से हाथों से हाथियों को दूर रखने पटाखे, मशाल और तेज आवाज वाले उपकरणों का उपयोग भी किया जा रहा है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000