
जिले में चोर सक्रिय, गाडासरई के तीन घरों में चोरी
दो पुलिस कर्मी बने चोरों का शिकार
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 24 नवंबर 2020, विगत दिनों जिला मुख्यालय में चोरों ने अपना हाथ साफ कर पुलिस को चुनौती दी और पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर संभवत चोरों ने अपना ठिकाना बदलते हुए कल रात गाड़ासरई के तीन घरों पर अपना हाथ साफ कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ासरई के करीबी ग्राम बरगांव में मन्ने लाल परस्ते, पुलिस आरक्षक के सूने घर को चोरों ने अपना शिकार बनाया। उक्त आरक्षक पर्यटन चौकी अमरकंटक में पदस्थ हैं उसके स्थाई निवास पर देर रात चोरों ने ताला तोड़कर लगभग 15 से ₹ 20 हजार रूपए नगदी इसके अलावा चांदी की पायल, 6 नग चांदी के सिक्के, पीतल की कसेढ़ी 10 नग और एक कुकर पर हाथ साफ कर दिया। इस तरह से लगभग 50 हजार रूपए की सामग्री की जानकारी मन्ने लाल परस्ते ने लिखित शिकायत में दी है। उनके घर पर कोई नहीं था और घटना सूने घर में अंजाम दी गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गाड़ासरई थाना क्षेत्र में ही कल बस स्टैंड के पीछे जितेंद्र साहू के कंबल गोदाम पर ताला तोड़कर लगभग 10 कंबल चोरी किए जाने की जानकारी मिल रही है। वही उनके बाजू में रहने वाले पुलिस आरक्षक जो कि गाड़ासरई थाने में ही पदस्थ बताए जाते है के घर से लगभग हजार रुपए की नगदी एटीएम कार्ड आदि चुराए जाने की जानकारी प्राप्त हो रही है।
घटना की जानकारी लगने के बाद जिला पुलिस सक्रिय हुई और एसडीओपी थाने पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली साथ ही डाग स्काट को बुला कर चोरों का पता लगाने की भी कोशिश की गई किन्तु कोई खास सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है वही जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता व्याप्त है।
पुलिस अधीक्षक चोरी की घटनाओं को ले कर पूरी तरह एक्शन मोड़ में है थाना क्षेत्रों में पुलिस की रात्रि गस्त भी बढ़ा दी गई है किन्तु अभी चोरों के मंसूबे बुलंद दिखाई दे रहे है।