
जेल परिसर में आयोजित हुआ चिंतन शिविर, रोपे गये पौधे
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 25 सितंबर 2022, जिला जेल परिसर में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संस्कार परिवर्तन से व्यवहार शुद्धि विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला जेल अधीक्षक SK गणेशै के सानिध्य मे आयोजित किया गया।
इस विषय पर ब्रह्माकुमारी संस्था की संचालिका संगीता बहन ने कैदी भाइयों के समक्ष अपने विचार रखते हुए कहा की कर्मों के आधार पर ही यह संसार चलता है। अपने ही किए हुए कर्म से मनुष्य कंगाल या महान बनते हैं।उन्होंने कहा कि व्यक्ति जन्म से ही अपराधी नहीं होता, बल्कि गलत संगत , नशा, गलत खानपान, लोभ , लालच, क्रोध, तनाव, विपरीत परिस्थिति के कारण अपराधी बनता है।कैदियों को समझाते हुए बतलाया गया कि व्यक्ति को कर्म का फल तो मिलता ही है। इसलिए जीवन में अच्छे कार्य ही करना चाहिये। उन्होंने मानव के अंदर ज्ञान और समझ की आवश्यकता पर बल भी दिया है।संगीता बहन ने सलाह दी कि विपरीत परिस्थितियों में सहनशीलता और धैर्य रख समस्याओं का सामना करें और मेडिटेशन का प्रयोग करें। जिससे संयम आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ता है। इस दौरान ब्रह्म कुमारी के सदस्यों ने शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए व्यसनमुक्त जीवनशैली अपनाने की सलाह भी दी। उन्होंने राजयोग के आध्यात्मिक चित्रों से कैदी भाइयों को अवगत कराया गया । इस दौरान तरु मित्र महिला मंडल अध्यक्ष लक्ष्मी अहिरवार ने समय के सदुपयोग करने की सलाह देकर बतलाया कि पहले महापुरुष, ऋषियों ने भी एकांत में जाकर अध्यात्म का चिंतन मनन किया था। जिससे उनके जीवन में और भी निखार आया।उन्होंने कहा कि स्वपरिवर्तन के लिए आत्म चिंतन जरूरी है। इस अवसर पर जेल परिसर में काजू, बादाम ,आम ,लोग, आंवला, काली मिर्च, अमरूद, चंदन का पौधारोपण किया गया।कार्यक्रम में लक्ष्मी पाराशर, रजनी साहू, मनोज भाई एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।