
कलेक्टर ने तहसीलदार डिंडोरी, शहपुरा, नायब तहसीलदार करंजिया और आरआई डिंडोरी, शहपुरा को नोटिस जारी करने दिए निर्देश
एक नवंबर से 15 नवंबर तक शुद्धिकरण पखवाडा मनाया जाएगा: कलेक्टर
सभी राजस्व अभिलेखों में नामांतरण और भूमि स्वामी का नाम आधार कार्ड के अनुसार सुधारा जाएगा
जनपथ टुडे, डिंडौरी, 28 अक्टूबर 2021, कलेक्टर रत्नाकर झा ने कहा कि राजस्व अभिलेखों में सुधार के लिए एक नवंबर से 15 नवंबर 2021 तक शुद्धिकरण पखवाडा मनाया जाएगा। इस दौरान सभी राजस्व अभिलेखों में नामांतरण और भूमि स्वामी का नाम आधार कार्ड के अनुसार सुधारा जाएगा। कुछ त्रुटियों को जिला स्तर पर सुधारा जाएगा। कलेक्टर ने शुद्धिकरण पखवाडा के लिए संपूर्ण तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने सभी तहसील कार्यालयों में प्राप्त आवेदन पत्रों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। फौती नामांतरण प्रक्रिया में महिला आवेदकों का नाम अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर झा गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की बैठक में उक्त निर्देश दिए।
कलेक्टर झा ने राजस्व अधिकारियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने को कहा है। उन्होंने कहा कि शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बतरने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इनको नोटिस जारी करने के निर्देश :-
कलेक्टर रत्नाकर झा ने एसडीएम डिंडौरी को उनकी कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए हैं। न्यायालयीन प्रकरणों का त्वरित ढंग से निराकरण करने को कहा है। लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने तहसीलदार डिंडौरी के द्वारा अविवादित नामांतरण प्रकरण में विलंब करने के कारण नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार शहपुरा के द्वारा दर्ज प्रकरणों का निराकरण नहीं करने के कारण नोटिस जारी करने को कहा है। नायब तहसीलदार करंजिया को भी नोटिस जारी होगा। कलेक्टर झा ने इसी प्रकार से तहसील न्यायालय करंजिया के रीडर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। आरआई डिंडौरी और आरआई शाहपुर को भी नोटिस जारी किया जाएगा।
कलेक्टर ने नर्मदा नदी के तट के किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए है। ग्राम मालपुर में स्थित मंदिर की भूमि पर किये गए अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। कलेक्टर श्री झा ने इसके बाद स्वामित्व योजना के अंतर्गत अभिलेखों की प्रगति के संबंध में समीक्षा की। भू-राजस्व की वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से हितग्राहियों को लाभांवित करने को कहा।