
म.कांग्रेस अध्यक्ष ने धक्का मुक्की करने और जाति सूचक शब्द कहे जाने की शिकायत की
एसडीओपी को संतोषी साहू ने सौंपी शिकायत
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 16 जुलाई 2021, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस डिंडोरी, संतोषी साहू ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए। हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत और भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रात श्रीमती संतोषी साहू ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर उनके व उनकी साथी महिला कार्यकर्ताओं से धक्का मुक्की करने, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने की एक लिखित शिकायत एसडीओपी रवि प्रकाश कोल को सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की।
गौरतलब है कि कल भाजपा नेताओं ने महिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा भाजपा कार्यालय में चल रहे कार्यक्रम में पहुंच कर अभद्रता करने, वरिष्ठ नेताओं का अपमान करने की शिकायत एसपी संजय सिंह से करते हुए कार्यवाही की मांग की थी। घटना को लेकर पूर्व में कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं से चाय पीने का अनुरोध किए जाने के अलावा अन्य किसी भी घटनाक्रम से इंकार किया था। भाजपा नेताओं द्वारा शिकायत किए जाने के बाद महिला कांग्रेस अध्यक्ष सक्रिय हुई और फिर उन्होंने रात में एक लिखित शिकायत एसडीओपी को सौंपी है। वहीं दूसरी ओर यह चर्चा भी तेज रही की भाजपा नेता भी कल की गई शिकायत के आधार पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष और उनके साथी कार्यकर्ताओं के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाने का प्रयास कर रहे है। पुलिस को दोनों पक्षों से लिखित आवेदन प्राप्त हुए है। जिनकी जांच के बाद पुलिस द्वारा कार्यवाही की जावेगी।
गौरतलब है कि कल कांग्रेस के द्वारा पेट्रोलियम पदार्थ की बढ़ती कीमतों के विरोध में गांधी चौक में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया था जिसमें कांग्रेस विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार सिंह मरकाम भी शामिल हुए थे। वहीं चर्चा है महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जाति सूचक शब्दों के उपयोग किए जाने की बात करते हुए, घटना के विरोध में साहू समाज के आने की भी बात कही है। पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा व्याप्त है कि एक छोटी सी घटना को दोनों दल के नेताओं द्वारा राजनैतिक रंग दिया जा रहा है।