
धान उपार्जन में लापरवाही पर सहायक प्रबंधक शेषमणि ठाकुर को निलंबित करने के निर्देश और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को नोटिस जारी
कलेक्टर रत्नाकर झा ने धान खरीदी केन्द्र धमनगांव और बरगांव का किया निरीक्षण
जनपथ टुडे, डिंडौरी, 7 जनवरी 2022, कलेक्टर रत्नाकर झा ने धान खरीदी केन्द्र धमनगांव में किसानों के धान को मानक रूप में तौल नहीं करने पर सहायक शाखा प्रबंधक शेषमणि ठाकुर को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी आकाश तुरकर को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा है। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री तुरकर को उक्त नोटिस का समय-सीमा में संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत करना होगा। समय-सीमा में संतोषजनक नहीं मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी श्री आर.एम. सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
कलेक्टर रत्नाकर झा ने धान खरीदी केन्द्रों में किसानों का धान संतुलित रूप से तौल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान तौलने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों का धान साफ-सुथरा खरीदें। धान उपार्जन केन्द्र में किसानों के लिए कांटा, बारदाना, पंखा एवं छन्ना की उपलब्धता रखें। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत समस्त किसानों का धान खरीदा जाए। किसानों को उनकी उपज का भुगतान समय-सीमा में करना सुनिष्चित करें। उन्होंने कहा कि जो किसान अपना उपज धान खरीदी केन्द्रों में नहीं लाएं हैं, उन तक संदेश पहुंचाया जाए। जिससे वे अपना उपज उपार्जन केन्द्र में लाकर बेच सकें। कलेक्टर ने ग्राम फड़की के कृषक संतकुमार से चर्चा की उन्होंने उनके फसल उत्पादन के बारे में जानकारी ली। कृषक संतकुमार ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक फसल की पैदावार हुई है। वह धान खरीदी केन्द्र धमनगांव में अपना उपार्जन बेचकर बहुत प्रसन्न है। उसे फसल का समर्थन मूल्य प्राप्त होगा।
उपार्जन केन्द्र बरगांव का निरीक्षण
जिला कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र बरगांव में किसानों के धान को मानक रूप में तौल नहीं करने के कारण कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी शहपुरा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। धान खरीदी केन्द्र बरगांव में धान के बोरी की तौल कराई गई, जिसमें मानक तौल नहीं पाया गया। कलेक्टर झा ने इस प्रकार की लापरवाही पर एआरईओ गुमान सिंह चौहान और समिति प्रबंधक राजेश साहू को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र बरगांव से धान उपार्जन का परिवहन नियमित रूप से करने को कहा।