
उपार्जन केंद्रों में लगा धान का अंबार, परिवहन न होने से हो परेशानी
बदलते मौसम में बड़े नुकसान की आशंका
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 7 जनवरी 2021, शासन द्वारा किसानों से धान की खरीद की जा रही है और उपार्जन केंद्रों पर बड़ी मात्रा में धान जमा है। किन्तु परिवहन कार्य में विभाग द्वारा ढिलाई बरती जा रही है, जिसके चलते समय से धान का उठाव नहीं हो पा रहा है। इससे उपार्जन केंद्रों में स्थान की कमी होने से किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है वहीं बदलते मौसम के चलते नुकसान की संभावना से नकारा नहीं जा सकता।
जय लक्ष्मी स्व सहायता समूह, बजाग द्वारा केंद्र क्रमांक 1, बीआरसी प्रांगण बजाग में भारी मात्रा में किसानों से खरीदी गई धान जमा है। अनुमानित 5000 किवंटल धान यहां स्टाक में रखी हुई है। जिससे पूरा प्रांगण भर चुका है अन्य किसानों से धान खरीदी करने में केंद्र संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय से केंद्र से धान का उठाव नहीं होने से समस्या हो रही है, वहीं विभाग परिवहन को लेकर गंभीर नहीं है और परिवहनकर्ता ठेकेदार मनमानी कर रहे है।
गौरतलब है कि प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है वहीं आगामी दिनों में प्रदेश भर में वर्षा का अनुमान मौसम विभाग द्वारा बताया जा रहा है। किन्तु इसके बाद भी जिले में नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की नींद नहीं खुल रही है। उपार्जन केंद्रों के पास धान को बरसात से बचाने के लिए सीमित साधन उपलब्ध है। हर केंद्र पर खुले मैदानों और जमीन पर धान का संग्रहण किया गया है जहां बरसात की स्थिति में जमीन में बरसात के पानी से इसे बचाने की कोई व्यवस्था नहीं है। शासन के द्वारा करोड़ों रुपयों की धान खरीदी जा रही है जिसको समय से परिवहन कर के ही सुरक्षित किया जा सकता है। किन्तु परिवहन ठेकेदार और विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यह कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा बताया जा रहा है और केंद्रों से धान का समय से उठाव नहीं हो रहा है। यदि मौसम अचानक बदलता है तो जिले के उपार्जन केंद्रों पर बड़ी मात्रा में संग्रहीत धान खराब हो सकती है।
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट की ध्यान में रखते हुए जिले के केंद्रों पर रखी धान को समय से उठाव करवा कर गोदाम और कैब तक पहुंचाया जाना जरूरी है, जिसको लेकर विभाग की कार्यप्रणाली लापरवाह दिखाई दे रही है वहीं केंद्रों पर साधनों की कमी बताई जा रही है।