परचून से लोडेड पिकअप वाहन पलटा

Listen to this article

वाहन मालिक घायल ड्राइवर बाल-बाल बचा

 

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 21 अप्रैल 2022, (प्रकाश मिश्रा) जिला मुख्यालय से महज 4 किलोमीटर दूर जोगी टिकरिया में स्थित नर्मदा पुल के पास सड़क दुर्घटना में अग्रवाल रोडलाइंस का लोडेड पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

जबलपुर अमरकंटक मुख्य मार्ग पर स्थित जोगी टिकरिया के नर्मदा पुल पर गुरुवार की सुबह लगभग 8:30 बजे लोडिंग पिकअप वाहन एम पी 06 GA 0842 घाट में चढ़ाई के दौरान रिवर्स हो गया और वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया। नर्मदा किनारे लगी दीवार को तोड़ते हुए नदी में पलट गया। बताया जाता है कि वाहन जबलपुर से माल लोड कर गाड़ासरई की ओर जा रहा था। दुर्घटना में वाहन मालिक संतोष अग्रवाल घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। वही वाहन का चालक दुर्घटना में बाल-बाल बचा।

दुर्घटना स्थल पर यातायात पुलिस का अमला एवं एसडीओपी आकांक्षा उपाध्याय मौजूद रहे जिन्होंने दुर्घटना के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया।

देर रात इमलई में भीषण सड़क हादसा आधा दर्जन घायल

जिला मुख्यालय से लगभग 10 किमी की दूरी पर ग्राम इमलई में दो इको वाहन आपस में टकरा गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए है जिसमें दो तीन व्यक्तियों को गंभीर चोट बताई जा रही है। वहीं एक वाहन में सवार लोगों की जानकारी नहीं मिल पा रही है। मिली जानकारी के अनुसार डिंडोरी के ग्राम बिजोरी से लिंगा पोंडी, मंडला बारात में गया वाहन लौट रहा था वहीं पोड़ी से डिंडोरी के किसी गांव में विवाह समारोह में शामिल हो कर लौट रहे इको वाहन देर रात लगभग 2.30 बजे ग्राम इमलई में आमने सामने भीड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। डिंडोरी के ग्राम बिजोरी के 6 लोगों को गंभीर चोट आई है जिसमें से दो को अधिक चोटे बताई जा रही है। जबकि पौड़ी मंडला के वाहन में घायलों की जानकारी नहीं मिल सकी है, बताया जाता है कि साथ में चल रहे अन्य वाहन द्वारा उन्हें मंडला ले जाया गया है, उस वाहन में चार लोगों के सवार होने की जानकारी मिली है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000