SP ने बटौंधा चौकी संचालन की तैयारियों का लिया जायजा

Listen to this article



पुलिस ने ग्रामीणों से किया संवाद

इलाके की समस्याओं व भौगोलिक स्थिति का किया अध्ययन

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 11 फरवरी 2021, शाहपुर थाना अंतर्गत शहडोल मार्ग पर बटौंधा में प्रस्तावित पुलिस चौकी संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यहाँ पुलिस चौकी संचालन के पूर्व स्थितियों का जायजा लेने पुलिस अधीक्षक संजय सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल अपने अमले के साथ गुरुवार की शाम बटौंधा पहुँचे। यहाँ चौकी संचालन के लिए आवश्यक बल, संसाधन और स्थल का जायजा लेकर आला पुलिस अधिकारियों ने जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए क्षेत्र की समस्याओं के जल्दी निराकरण का आश्वासन दिया।

 

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर स्थित बटौंधा डिंडोरी और शहडोल सीमा पर स्थित जिले का अंतिम ग्राम है।

सुदूर और पहुँच विहीन इस इलाके में गैर कानूनी गतिविधियों की गुंजाइश बनी रहने के चलते यहां लंबे समय से पुलिस चौकी की मांग उठती रही है। क्षेत्र के आसपास अन्य दर्जनों गांव का संपर्क भी बना रहता है। लिहाजा कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से भी यहां पुलिस चौकी की स्थापना आवश्यक हो चली है। फिलहाल चौकी अस्थाई भवन पर संचालित करने और भविष्य में यहां स्थाई पुलिस चौकी भवन की संभावना को देखते हुए ग्राम पंचायत द्वारा प्रस्तावित भूमि का भी मुआयना किस। जंगली और संचार विहीन इस क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को नजदीक से समझने पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च भी किया और बटोंधा से जुड़ने वाले मार्गो पर भ्रमण कर नाकाबंदी की योजना पर भी जोर दिया। इस दौरान शाहपुर थाना प्रभारी विजय गौठरिया, शाहपुरा थाना प्रभारी अखिलेश दहिया, विक्रमपुर चौकी प्रभारी संजय सोनवानी सहित तमाम पुलिस अमला मौजूद रहा।

SP संजय सिंह ने बटौंधा में आगामी दिनों में ग्राम रक्षा समिति सदस्यों और ट्रैफिक मित्र बनाने के निर्देश भी अधीनस्थों को जारी किये हैं।



Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000